सीतामऊ। गुरुवार को डॉ रघुवीर सिंह शासकीय महाविद्यालय सीतामऊ की जनभागीदारी समिति के मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग, मंत्रालय, भोपाल द्वारा नियुक्त अध्यक्ष, अंकित पटवा का पदभार ग्रहण समारोह महाविद्यालय प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग ने की। माननीय मंत्री का महाविद्यालय में प्रवेश करते ही महाविद्यालय परिवार द्वारा भारतीय संस्कृति अनुरूप तिलक लगा कर एवं पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। महाविद्यालय के NSS इकाई ने भी जोरदार स्वागत किया। मंचासीन अतिथियों एवं माननीय मंत्री द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। महाविद्यालय की छात्राओं ने सुमधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। तत्पश्चात आमंत्रित अथितियों- नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा पर्यावरण मंत्री, मध्यप्रदेश शासन हरदीप सिंह डंग, कैलाश चावला पूर्व गृह मंत्री, मध्य प्रदेश शासन, राधेश्याम पाटीदार, पूर्व विधायक, मनोज शुक्ला, अध्यक्ष, नगर परिषद सीतामऊ, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि निर्मल, नानालाल अटोलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष, नीलेश कटारे, विभाग संगठन मंत्री, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विक्रम सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा, अशोक सूर्यवंशी, जिलाध्यक्ष, भाजपा अ.जा. मोर्चा, दिलीप सिंह का महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. आर. के. झा द्वारा माल्यार्पण से स्वागत किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह ने नई शिक्षा नीति के महत्व पर प्रकाश डालते हुये उपस्थित विद्यार्थियों से शिक्षा प्राप्त करने के उनके उद्देश्य पर सवाल किया एवं विद्यार्थियों के हितार्थ शेड निर्माण हेतु 2 लाख की घोषणा की। मुख्य अथिति कैलाश चावला ने विद्यार्थियों को जीवन में शिक्षा के महत्व से परिचित कराया।महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य अग्रणी महाविद्यालय मंदसौर डॉ. एल. एन. शर्मा द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुये महाविद्यालय के स्थापना से लेकर अब तक के विकास पर प्रकाश डाला। नवनियुक्त जनभागीदारी अध्यक्ष अंकित पटवा ने जनभागीदारी के महत्व, महाविद्यालय के विकास में जनभागीदारी कि उपयोगिता एवं विद्यार्थियों की समस्याओ को जनभागीदारी के माध्यम से निराकरण के बारे में बताया एवं महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु सदैव हर संभव प्रयास करने हेतु तत्पर रहने के लिए कहा। निलेश कटारे ने शिक्षा के इतिहास पर प्रकाश डाला। राधेश्याम पाटीदार ने विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए भारतीय संस्कृति के महत्व को प्रतिपादित किया। नानालाल आटोलिया ने कर्मफल की महत्ता पर बल दिया।कार्यक्रम का संचालन सीतामऊ के बहुचर्चित नारायण हडगोरे द्वारा किया गया और आभार प्रदर्शन गणित विभाग के डॉ डी के भट्ट ने किया। अंत में समवेत स्वर में जन- गण- मन का गान हुआ जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के साथ साथ आम जनमानस भी इस समारोह में उपस्थित रहे। कार्यभार ग्रहण उपरांत नवनियुक्त अध्यक्ष, जनभागीदारी समिति, शासकीय महाविद्यालय सीतामऊ द्वारा माननीय हरदीप सिंह डंग, नवीन एवं नवकरणीय उर्जा पर्यावरण मंत्री, मध्यप्रदेश शासन, एवं पूर्व गृह मंत्री कैलाश चावला को प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए।
नवनियुक्त जनभागीदारी अध्यक्ष अंकित पटवा द्वारा पदभार ग्रहण
