अजय /बस्ती
बस्ती, गोरक्ष प्रांत के अंतर्गत बस्ती जनपद में 6 से 21 नवम्बर तक विश्व हिंदू परिषद के हित चिंतक अभियान चल रहा है। इसमें सभी हिन्दुओं को विश्व हिन्दू परिषद से जोड़ा जा रहा है।
आज प्रेस क्लब बस्ती में पत्रकारों से बातचीत में गोरक्ष प्रांत मंत्री नागेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि हिन्दू एक जीवन पद्धति एक सनातन परम्परा है। जिसे एकजुट करने के लिए विश्व हिन्दू परिषद हित चिंतक अभियान लेकर चला रहा है। इस अभियान के माध्यम से हम हर हिन्दू के घर तक पहुंचेगे। जिला बस्ती में लगभग तीस हजार से पैंतीस हजार हिन्दू हित चिंतक अथवा सदस्य बनाये जायेंगे।
उन्होंने कहा कि आज भी देश में गोकशी, चंगाई सभा, धर्मान्तरण इत्यादि हो रहे हैं। यदि हिन्दू असंगठित रहेगा तो अल्पसंख्यक बनेगा। यह देश की सार्वभौमिकता पर कुठाराघात है। हिन्दू पद्धति प्राकृतिक पद्धति है और विश्व हिन्दू परिषद इस पद्धति की सुरक्षा के लिए कृत संकल्पित है। यह अभियान हिन्दू जनमानस को एक माला में पिरोने का कार्य करेगा।
प्रांत मंत्री ने बताया कि पूरे भारत में लगभग डेढ़ करोड़ हिन्दुओं को इस अभियान के माध्यम से हित चिंतक बनाया जायेगा। इस पखवाड़े में विश्व हिन्दू परिषद देश में लगभग डेढ़ लाख गांव तक पहुंचकर लगभग डेढ़ करोड़ हिन्दुओं को जोड़ेगा।
उन्होंने कहा कि हित चिंतक अभियान का उद्देश्य देश के विभिन्न आयामों के कार्यो का विस्तार करना है। सेवा कार्यों से अधिकाधिक वंचित समाज को जोड़ना, नई पीढ़ी में सनातन संस्कारों का संचार करना, गोवंश की रक्षा, सामाजिक समरसता, नारी सशक्तीकरण, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण एवं मठ मंदिरों की सुरक्षा के साथ ही हिंदू समाज को संगठित करना इस हिंदू चिंतक अभियान का लक्ष्य हैं। विश्व हिंदू परिषद मतान्तर और लव जेहाद रोकने और घर वापसी के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है जब-जब हिन्दू घटा है देश बंटा है इसलिए हिन्दू हित में ही राष्ट्र की समरसता और सम्प्रभुता सुरक्षित है।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के जिला उपाध्यक्ष सुमित पाण्डेय, कोषाध्यक्ष संजय अग्रहरी, जिला मंत्री श्रद्धेय पाल, जिला सह मंत्री महेन्द्र शंकर, नगर अध्यक्ष कविश अबरोल, उपाध्यक्ष प्रमोद पाण्डेय, नगर मंत्री अगम सिंह, नगर सह मंत्री बृजेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
नागेन्द्र प्रताप सिंह
प्रान्त मंत्री